स्टोर प्रभारी रंगीलाल का असामयिक मौत
पुलिस लाइन में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि, एएसपी सिद्धार्थ ने पुष्पचक्र अर्पित कर प्रकट की संवेदना

महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय पुलिस लाइन महराजगंज में स्टोर कार्यालय प्रभारी 57 वर्षीय उपनिरीक्षक (ए.पी.) रंगीलाल का असामयिक निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। वे मूल रूप से संतकबीर नगर के तिनहरी पोस्ट नाथनगर मोहाली के निवासी थे। उनके निधन पर पुलिस लाइन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने नम आंखों से अपने साथी को अंतिम श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही एएसपी सिद्धार्थ ने उनके शव पर पुष्पचक्र अर्पित कर अपनी शोक संवेदना अर्पित की।
मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय पुलिस लाइन में कार्यकाल प्रभारी उपनिरीक्षक (ए.पी.) रंगीलाल कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। इससे उनका असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस लाइन में लाया गया जहां उन्हें पुलिस मैनुअल के अनुसार पुष्पचक्र अर्पित कर और कंधा देकर पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी शोक संवेदना व्यक्त की। अपर पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रंगीलाल कर्तव्यनिष्ठ और मृदुभाषी अधिकारी थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना महाराजगंज पुलिस परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। विभाग में उनके द्वारा दी गई उत्कृष्ट सेवाओं को हमेशा याद रखा जाएगा।
शोक सभा के दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा। साथ ही ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
श्रद्धांजलि सभा में पुलिस लाइन के अधिकारी, निरीक्षक, उपनिरीक्षक एवं बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सभी ने भावुक मन से अपने साथी अधिकारी को याद करते हुए उनकी कार्यशैली और व्यवहार की सराहना की।
पुलिस विभाग में रंगीलाल के निधन की खबर से शोक की लहर फैल गई है। सहकर्मियों का कहना है कि वे हमेशा सरल स्वभाव और जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने वाले अधिकारी के रूप में याद किए जाएंगे।
इस संबंध में एएसपी ने बताया कि कार्यकाल प्रभारी का असामयिक निधन हो गया। साथ ही शव के पोस्टमार्टम के बाद पुलिस लाइन में उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित गई और शव को पुलिस वाहन व गार्ड के साथ अंतिम संस्कार के लिए उनके गृह निवास भेजा गया।




