महराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

मोदी सरकार के 12 वर्ष विश्वास, विकास और विरासत के स्वर्णिम अध्याय का प्रतीक : डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’

प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता में गिनाईं केंद्र सरकार की उपलब्धियां, कहा— विकसित भारत के संकल्प को मिल रहा जनसमर्थन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने मोदी सरकार की उपलब्धियों को विस्तार से रखा। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विश्वास, विकास और विरासत के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं तथा यह कालखंड सुशासन, जनसेवा और राष्ट्र निर्माण के नए युग का प्रतीक बन चुका है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से देश की जनता ने लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के उत्थान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारा है। यही कारण है कि जनता ने लगातार तीसरी बार भी प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को समर्थन प्रदान किया।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने विकास के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने का भी कार्य किया है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर से जुड़े पंचतीर्थों का विकास, जनजातीय गौरव दिवस की स्थापना, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का निर्माण, कर्तव्य पथ का विकास तथा नए संसद भवन का निर्माण देश की सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने वाले कदम हैं।

डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि आज वैश्विक स्तर पर भारत की प्रतिष्ठा निरंतर बढ़ रही है। जी-20 की सफल अध्यक्षता, वैक्सीन मैत्री अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की वैश्विक स्वीकार्यता और विदेशी निवेश में वृद्धि इस बात का प्रमाण हैं कि विश्व भारत को एक सक्षम और भरोसेमंद नेतृत्व वाले राष्ट्र के रूप में देख रहा है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के क्षेत्र में भी भारत ने निर्णायक नेतृत्व का परिचय दिया है। वहीं स्वच्छ भारत अभियान, हर घर तिरंगा, फिट इंडिया मूवमेंट, आत्मनिर्भर भारत, वोकल फॉर लोकल तथा “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियानों ने जनभागीदारी को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है।

प्रभारी मंत्री ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना के तहत 58 करोड़ से अधिक लोग सामाजिक सुरक्षा के दायरे में आए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत 74 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को ऋण दिया गया है।

उन्होंने बताया कि स्टैंड अप इंडिया योजना के माध्यम से अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उद्यमियों को 1.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक का ऋण उपलब्ध कराया गया है। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत 30 लाख पारंपरिक कारीगरों को कौशल विकास और आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है।

महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत लगभग 11 करोड़ महिलाओं को मुफ्त एलपीजी कनेक्शन देकर धुएं से मुक्ति दिलाई गई है। लखपति दीदी योजना के माध्यम से 3 करोड़ से अधिक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया गया है, जबकि सुकन्या समृद्धि योजना के तहत 4.5 करोड़ से अधिक खाते खोले गए हैं।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान ने शासन व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है। सरकारी योजनाओं की निगरानी डिजिटल डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही है तथा सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) पोर्टल ने सरकारी खरीद प्रक्रिया को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

स्वास्थ्य एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि भारतनेट परियोजना के तहत 2.14 लाख ग्राम पंचायतों को ब्रॉडबैंड कनेक्टिविटी से जोड़ा गया है। पिछले 12 वर्षों में देशभर में 23 नए एम्स और अनेक मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति दी गई है। मिशन इंद्रधनुष के अंतर्गत 5.4 करोड़ से अधिक बच्चों का निःशुल्क टीकाकरण कराया गया है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण और विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहे हैं तथा आने वाले वर्षों में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रहेगा।

प्रेस वार्ता से पूर्व जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने प्रभारी मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, विधायक पनियरा, विधायक सिसवा एवं भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अन्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!