चारधाम यात्रा पर गये वृद्ध की हुई मौत

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्रामसभा मुजहना बुजुर्ग निवासी एक वृद्ध की चार धाम यात्रा के दौरान मौत होने का मामला प्रकाश में आया है। वृद्ध के मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया।
मिली जानकारी अनुसार सिन्दुरिया थाना क्षेत्र के मुजहना बुजुर्ग निवासी 64 वर्षीय ब्रह्मानंद पाण्डेय 12 जून को अपनी पत्नी गुंजा देवी के साथ चार धाम यात्रा गए थे। इनके साथ कुछ सगे संबंधी भी गये थे। 15 जून 2026 दिन सोमवार की रात्रि करीब 11 बजे सभी लोग भोजन करके उत्तराखंड राज्य के उत्तर काशी जिले के गढ़वाल हिमालय में स्थित पवित्र तीर्थ स्थल गंगोत्री में विश्राम कर रहे थे। उसी दौरान ब्रह्मानंद पाण्डेय की तबीयत अचानक खराब हो गयी । सहयोगियों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले गये , जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। वहीं साथ में गए सहयोगियों ने बताया कि मृतक पाण्डेय की मौत दिल का दौड़ा पड़ने से हुआ है।बताते चले कि मृतक के दो लड़की और एक लड़का है।दोनों लड़कियों की शादी हो चुकी है जबकि लड़का संतोष पाण्डेय की विवाह अभी नहीं हुआ है। मृतक पाण्डेय का शव बुधवार को एंबुलेंस द्वारा मुजहना बुजुर्ग लाया गया ।




