वायरल वीडियो के बाद यूपी-112 के दो पुलिसकर्मी निलंबित, होमगार्ड चालक पर भी कार्रवाई की संस्तुति

महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना घुघली क्षेत्र से जुड़े एक वायरल वीडियो के सामने आने के बाद महराजगंज पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यूपी-112 पीआरवी पर तैनात तीन कर्मियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। जांच में ड्यूटी के दौरान पुलिस आचरण नियमावली के विपरीत व्यवहार और आंशिक रूप से शराब के सेवन की पुष्टि होने पर दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है, जबकि होमगार्ड चालक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट भेजी गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सोशल मीडिया पर थाना घुघली क्षेत्र से संबंधित एक वीडियो वायरल हुआ था। मामले का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल जांच कराई गई। प्रारंभिक जांच में यूपी-112 पीआरवी संख्या 8680 पर तैनात हेड कांस्टेबल संतोष कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल अनिल कुमार यादव और होमगार्ड चालक मनोज कुमार का ड्यूटी के दौरान अनुचित आचरण सामने आया।
जांच के दौरान तीनों कर्मियों का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया गया। मेडिकल जांच में आंशिक रूप से अल्कोहल सेवन की पुष्टि होने के बाद पुलिस विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी। वहीं होमगार्ड चालक के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड को रिपोर्ट प्रेषित की गई है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता, अमर्यादित व्यवहार या कर्तव्य के प्रति लापरवाही को किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस विभाग ने यह भी स्पष्ट किया कि आमजन का विश्वास बनाए रखना उसकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। इसलिए पुलिस कर्मियों के आचरण से जुड़े मामलों में पारदर्शी जांच कर दोषियों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की जा रही है, ताकि पुलिस की कार्यप्रणाली में अनुशासन और जवाबदेही बनी रहे।




