बिजली कटौती से परेशान व्यापारियों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार, जर्जर विद्युत व्यवस्था सुधारने की मांग

महराजगंज।(न्यूज पैच)। संयुक्त व्यापारी मोर्चा ने नगर की खराब विद्युत व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए शीघ्र सुधारात्मक कार्रवाई की मांग की है। व्यापारियों का कहना है कि लगातार बिजली कटौती और बार-बार फॉल्ट होने से उद्योगों एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
संयुक्त व्यापारी मोर्चा के संयोजक पशुपतिनाथ गुप्ता की ओर से दिए गए ज्ञापन में कहा गया है कि महराजगंज नगर के छोटे-बड़े उद्योग और व्यापार बिजली पर निर्भर हैं, लेकिन दिनभर कई बार फॉल्ट के नाम पर बिजली आपूर्ति बाधित होने से उत्पादन और कारोबार प्रभावित हो रहा है। इससे उद्यमियों के साथ-साथ उपभोक्ताओं पर भी महंगाई का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। विभाग द्वारा उपकरणों के पुराने और जर्जर होने की बात कही जाती है, लेकिन उनके नवीनीकरण की दिशा में कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है। परिणामस्वरूप मामूली लोड बढ़ते ही फॉल्ट हो जाता है और कई बार बिजली बहाल होने में घंटों लग जाते हैं।
व्यापारी संगठन ने चेतावनी दी है कि जब तक विद्युत आपूर्ति व्यवस्था का पूर्ण रूप से सुधार और जर्जर तारों एवं उपकरणों का प्रतिस्थापन नहीं किया जाएगा, तब तक यह समस्या बनी रहेगी और उद्योग एवं व्यापार प्रभावित होते रहेंगे।
संयुक्त व्यापारी मोर्चा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि नगर की विद्युत व्यवस्था की समीक्षा कर जर्जर तारों, ट्रांसफार्मरों एवं अन्य पुराने उपकरणों को प्राथमिकता के आधार पर बदला जाए, ताकि व्यापारियों और उद्यमियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।
व्यापारियों ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, जिससे उद्योग एवं व्यापार को राहत मिल सके।




