मिशन शक्ति के तहत महराजगंज में निकली महिला जागरूकता रैली, 200 महिला कर्मचारियों ने लिया हिस्सा
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, महिलाओं और बालिकाओं को अधिकारों व सुरक्षा के प्रति जागरूक करने पर जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मिशन शक्ति अभियान के तहत सोमवार को महराजगंज में महिला जागरूकता रैली निकाली गई। महिलाओं एवं बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित रैली को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसमें महिला पुलिसकर्मियों सहित विभिन्न विभागों की करीब 200 महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय ने बताया कि रैली उद्योग चौराहे से शुरू होकर दुर्गा मंदिर पर संपन्न हुई। इसमें महिला कल्याण विभाग, पुलिस विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग सहित अन्य विभागों की महिला कर्मचारियों ने सहभागिता की। रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, कानूनी प्रावधानों, विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों और शासन की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने का संदेश दिया गया।
उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार शारदीय नवरात्रि के प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर महिला सशक्तिकरण से जुड़े जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महिलाओं को अधिकारों की जानकारी होना जरूरी: डीएम
रैली को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि शासन के निर्देश पर शारदीय नवरात्रि को महिला सशक्तिकरण सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत महिला अधिकारों, सुरक्षा और स्वावलंबन के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों की जानकारी होना और आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध सहायता सेवाओं का उपयोग करना बेहद जरूरी है। जिला प्रशासन मिशन शक्ति के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में जागरूकता कार्यक्रम लगातार प्रभावी ढंग से संचालित किए जाएंगे।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।




