ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

शिक्षकों को मिली स्वास्थ्य सुरक्षा, विद्यार्थियों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि; शिक्षा क्षेत्र के लिए तीन बड़ी योजनाओं का शुभारंभ

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को अधिक सशक्त, आधुनिक और शिक्षक हितैषी बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना, विद्यार्थियों के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) तथा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच विशेष सरकारी वेतन पैकेज (एसजीएसपी) का शुभारंभ किया। इस कार्यक्रम का महराजगंज के कलेक्ट्रेट स्थित बुद्ध सभागार सहित जनपद की सभी तहसीलों में सजीव प्रसारण किया गया, जहां बड़ी संख्या में शिक्षक, कर्मचारी, बैंक अधिकारी एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष जसवंत सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षकों और कर्मचारियों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई तीनों योजनाएं न केवल शिक्षकों और कर्मचारियों के जीवन को सुरक्षित बनाएंगी, बल्कि शिक्षा व्यवस्था को भी नई मजबूती देंगी।

उन्होंने कहा कि एसबीआई और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच हुआ विशेष सरकारी वेतन पैकेज (एसजीएसपी) का समझौता शिक्षकों के लिए एक ऐतिहासिक पहल है। इसके माध्यम से उन्हें बेहतर बैंकिंग सुविधाएं, बीमा सुरक्षा और वित्तीय सहायता के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने शिक्षकों और कर्मचारियों से इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

12 हजार से अधिक शिक्षक और कर्मचारी होंगे लाभान्वित

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, शिक्षामित्र, विशेष शिक्षक (सीडब्ल्यूएसएन), अनुदेशक, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों के शिक्षण स्टाफ, वार्डन तथा प्रधानमंत्री पोषण योजना के रसोइयों सहित उनके आश्रित परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

महराजगंज जनपद में इस योजना से 12,628 शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक, स्पेशल एजुकेटर और रसोइये लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रतीकात्मक रूप से 25 शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को योजना के कार्ड भी वितरित किए गए।

1.61 लाख विद्यार्थियों के खातों में पहुंची डीबीटी राशि

कार्यक्रम के दौरान शैक्षिक सत्र 2026-27 के प्रथम चरण में विद्यार्थियों के लिए प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से धनराशि हस्तांतरित की गई। जनपद के परिषदीय एवं सहायता प्राप्त विद्यालयों में अध्ययनरत 1,61,252 विद्यार्थियों के अभिभावकों के बैंक खातों में प्रति छात्र 1,200 रुपये की राशि भेजी गई, जिससे छात्र-छात्राओं की शैक्षिक सामग्री की खरीद सुनिश्चित हो सके।

एसजीएसपी पैकेज से मिलेगी व्यापक सामाजिक और आर्थिक सुरक्षा

भारतीय स्टेट बैंक और बेसिक शिक्षा विभाग के बीच हुए समझौते के तहत शिक्षकों एवं कर्मचारियों को विशेष सरकारी वेतन पैकेज (एसजीएसपी) का लाभ मिलेगा। इस योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये से लेकर 1 करोड़ रुपये तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा, ग्रुप टर्म इंश्योरेंस, हवाई दुर्घटना बीमा, स्थायी एवं आंशिक दिव्यांगता सुरक्षा, जीवन बीमा सहित कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

इसके अलावा होम लोन, वाहन ऋण और व्यक्तिगत ऋण पर प्रोसेसिंग शुल्क में विशेष छूट, प्रीमियम रुपे डेबिट कार्ड, आधुनिक डिजिटल बैंकिंग सेवाएं तथा आकस्मिक परिस्थितियों में बच्चों की शिक्षा और पुत्री के विवाह के लिए अतिरिक्त सुरक्षा लाभ भी इस पैकेज में शामिल किए गए हैं। चयनित बैंकिंग और बीमा सुविधाओं का लाभ कर्मचारियों के परिवारों को भी मिलेगा।

चारों तहसीलों में हुआ सीधा प्रसारण

राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जनपद मुख्यालय के साथ-साथ सभी चारों तहसीलों में भी किया गया, जहां शिक्षकों और कर्मचारियों को नई योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित करने पर जोर दिया।

जनपद स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. महेंद्र कुमार सिंह, डायट प्राचार्य, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सरबजीत कुमार सिंह, एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक ज्ञान प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर भूपेंद्र मिश्रा, एसबीआई महराजगंज की मुख्य प्रबंधक दिव्या गौर, विभिन्न खंड शिक्षा अधिकारी, बैंक अधिकारी तथा बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक और कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!