मसालों पर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन दुकानों से लिए नमूने; 178 किलो जीरा सीज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में मिलावटी एवं मानकविहीन खाद्य पदार्थों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ, जिलाधिकारी के निर्देश तथा प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के नेतृत्व में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मसालों की गुणवत्ता की जांच के लिए महराजगंज, निचलौल और ठूठीबारी क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मसालों के नमूने संग्रहित किए गए, जबकि लेबलिंग संबंधी अनियमितता मिलने पर बड़ी मात्रा में जीरा सीज कर दिया गया।
अभियान के तहत सबसे पहले महराजगंज नगर स्थित रामसनेही जनरल स्टोर का निरीक्षण किया गया, जहां से जांच के लिए सुभाष ब्रांड हल्दी पाउडर का नमूना लिया गया। इसके बाद टीम निचलौल पहुंची, जहां अनिल ट्रेडर्स से कैच ब्रांड धनिया पाउडर का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने ठूठीबारी स्थित सत्यम जनरल स्टोर का निरीक्षण किया। यहां से बावर्ची ब्रांड धनिया पाउडर तथा बावर्ची ब्रांड साबुत जीरा के नमूने जांच के लिए लिए गए। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि बावर्ची ब्रांड साबुत जीरा के पैकेट पर खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक जानकारी अंकित नहीं थी। इसे गंभीर अनियमितता मानते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 178 किलोग्राम साबुत जीरा, जिसकी अनुमानित कीमत 35,600 रुपये बताई गई है, को सीज कर विक्रेता की सुरक्षित अभिरक्षा में सौंप दिया।
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को विधिवत सील कर प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि नमूने निर्धारित गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं या उनमें मिलावट अथवा अन्य अनियमितता पाई जाती है, तो संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जनपद में मसालों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की नियमित जांच और सघन अभियान आगे भी जारी रहेंगे। साथ ही खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, पैकेजिंग एवं लेबलिंग संबंधी सभी नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की हिदायत दी गई है।
इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह एवं पवन गौड़ शामिल रहे।




