एनसीसी भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम घोषित, नए कैडेट्स को अनुशासन एवं राष्ट्रसेवा का दिया गया संदेश

महराजगंज।(न्यूज़ पैच)।102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के अंतर्गत पं. दीन दयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में आयोजित एनसीसी भर्ती-2026 का अंतिम परिणाम आज घोषित कर दिया गया। भर्ती प्रक्रिया में विद्यालय के लगभग 150 अभ्यर्थी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था।
अंतिम परिणाम की घोषणा कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जयशंकर चौधरी द्वारा की गई। इस अवसर पर उन्होंने चयनित नए कैडेट्स को एनसीसी के उद्देश्य, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्रसेवा की भावना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व कौशल और देशभक्ति की भावना विकसित करने वाला एक उत्कृष्ट संगठन है तथा चयनित कैडेट्स को इसका पूर्ण लाभ उठाना चाहिए।
कार्यक्रम में प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने सभी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने चयनित कैडेट्स को प्रशिक्षण की रूपरेखा, परेड, शिविरों, ‘बी’ एवं ‘सी’ प्रमाणपत्र तथा एनसीसी से मिलने वाले विभिन्न अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सभी कैडेट्स से नियमित उपस्थिति, अनुशासन और समर्पण के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पीआई स्टाफ हवलदार सुमेर सहित एनसीसी स्टाफ एवं विद्यालय परिवार उपस्थित रहा। कार्यक्रम का समापन चयनित कैडेट्स को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ हुआ।




