ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

सीएम डैशबोर्ड समीक्षा में डीएम सख्त, बोले— योजनाओं में ‘सी’ और ‘डी’ ग्रेड किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति और सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग लक्ष्य के अनुरूप कार्ययोजना बनाकर योजनाओं का समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी विभाग की लापरवाही से जनपद की रैंकिंग प्रभावित नहीं होनी चाहिए तथा योजनाओं में ‘सी’ और ‘डी’ ग्रेड किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा।

बैठक में जिलाधिकारी ने कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल कल्याण, नेडा, पर्यटन, पिछड़ा वर्ग कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, उद्यान, मत्स्य सहित विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक विभाग की प्रगति का आकलन करते हुए अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने फैमिली आईडी निर्माण को मिशन मोड में पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने लाभार्थियों की फैमिली आईडी का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराएं, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंच सके। उन्होंने निर्देश दिया कि चालू माह में लक्ष्य के अनुरूप शत-प्रतिशत लाभार्थियों की फैमिली आईडी हर हाल में तैयार की जाए।

उद्यान विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जिला उद्यान अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद की ऐसी बागवानी फसलों की पहचान की जाए, जिनमें निर्यात की संभावनाएं हैं। इसके लिए विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत की जाए, ताकि किसानों को बेहतर बाजार और आय के नए अवसर उपलब्ध कराए जा सकें।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) की समीक्षा के दौरान उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से और अधिक सशक्त बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि समूहों की व्यावसायिक गतिविधियों का विस्तार करने तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाए, जिससे ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो सके।

बैठक में वाइब्रेंट विलेज योजना की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी (डीईएसटीओ) को निर्देश दिए कि चयनित गांवों के लिए तैयार विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) को बिना विलंब पोर्टल पर अपलोड कराया जाए, ताकि स्वीकृति और क्रियान्वयन की प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जनपद की बेहतर रैंकिंग बनाए रखना सभी विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं की नियमित निगरानी करें, समय पर डाटा अपडेट करें तथा गुणवत्ता के साथ कार्यों को पूरा करें, ताकि शासन स्तर पर जनपद की स्थिति लगातार मजबूत बनी रहे।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी निरंजन सुर्वे, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, सहायक निबंधक सहकारिता सुनील गुप्ता, सहायक पर्यटन अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रेया मिश्रा, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कन्हैया यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!