महराजगंज में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन, 61 हजार से अधिक वादों का हुआ निस्तारण
3.64 करोड़ रुपये से अधिक अर्थदंड एवं क्षतिपूर्ति, बैंक ऋण मामलों में भी बड़ी राहत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। माननीय उच्च न्यायालय इलाहाबाद एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर शनिवार को जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक की अध्यक्षता में दीवानी न्यायालय महराजगंज, बाह्य न्यायालय फरेन्दा, कलेक्ट्रेट एवं समस्त तहसील न्यायालय परिसरों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10 बजे मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रीय लोक अदालत में विभिन्न न्यायालयों एवं विभागों द्वारा कुल 61,409 वादों का निस्तारण किया गया तथा 3 करोड़ 64 लाख 20 हजार 960 रुपये अर्थदंड एवं क्षतिपूर्ति के रूप में निर्धारित किए गए।
मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण द्वारा 57 वादों का निस्तारण करते हुए 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार रुपये की क्षतिपूर्ति दिलाई गई। वहीं स्थाई लोक अदालत ने 7 मामलों का निस्तारण कर 3 लाख 96 हजार 794 रुपये की क्षतिपूर्ति प्रदान की।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट न्यायालय द्वारा 447 मामलों का निस्तारण कर 16,300 रुपये अर्थदंड वसूला गया। विभिन्न अपर जिला एवं सत्र न्यायालयों, सिविल जज न्यायालयों तथा ग्राम न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में मामलों का निस्तारण किया गया।
लोक अदालत के दौरान राजस्व एवं चकबंदी न्यायालयों द्वारा हजारों प्री-लिटिगेशन मामलों का निस्तारण किया गया। वहीं विभिन्न बैंकों ने ऋण वसूली से जुड़े मामलों का समाधान करते हुए करोड़ों रुपये की वसूली की तथा बड़ी संख्या में ऋण खातों का सेटलमेंट भी किया गया। ऋणधारकों को ब्याज एवं बकाया में भारी छूट मिलने से लोगों को राहत मिली।
भारतीय स्टेट बैंक, बड़ौदा यूपी बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया सहित कई बैंकों ने लोक अदालत में सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम भी मौजूद रही। जिला कारागार द्वारा बंदियों के हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई, जबकि “एक जिला एक उत्पाद” योजना के तहत महराजगंज के फर्नीचर उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। जिला उद्योग विभाग ने भी अपनी प्रदर्शनी लगाई।
कार्यक्रम में जनपद न्यायाधीश अरविंद मलिक, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी, अपर जिलाधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुनील कुमार नागर समेत न्यायिक अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
आर्यन श्रीवास्तव




