आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय में ₹7 हजार तक की बढ़ोतरी, ₹50 लाख का बीमा कवर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को यूपी आउटसोर्स सेवा निगम की वेबसाइट का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल की अध्यक्षता में देखा गया। इस दौरान जिले के विभिन्न विभागों में कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों ने प्रतिभाग किया।
मुख्यमंत्री ने निगम के लोगो का अनावरण करते हुए आउटसोर्स कर्मियों को चेक वितरित किए। निगम के शुभारंभ के साथ प्रदेश के करीब 3.5 लाख आउटसोर्स कर्मियों के मानदेय में ₹7 हजार तक की वृद्धि की गई है। अब लगभग ₹13 हजार मानदेय पाने वाले कर्मियों को ₹20 हजार तक प्रतिमाह मिल सकेगा।
नए प्रावधानों के तहत कर्मियों को ₹50 लाख तक का बीमा कवर, आकस्मिक दवा एवं उपचार के लिए ₹5 लाख तक तथा आवश्यकता पड़ने पर एयर एम्बुलेंस के लिए ₹10 लाख तक की सहायता मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष रविकांत पटेल ने इसे आउटसोर्स कर्मियों के लिए बड़ा आर्थिक संबल बताते हुए कहा कि वे विभिन्न विभागों में शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। वहीं मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि निगम के गठन से आउटसोर्स कर्मियों की सेवा शर्तें अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी होने के साथ उन्हें आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका परिषद महराजगंज, श्रम विभाग समेत विभिन्न विभागों के आउटसोर्स कर्मियों को रेनकोट, आवश्यक उपकरण और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक राम दरश चौधरी ने किया।




