राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित शिक्षक राजेश उपाध्याय सम्मानित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित पूर्व माध्यमिक विद्यालय बारीगांव, घुघली के सहायक अध्यापक राजेश कुमार उपाध्याय को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सरस्वती प्रतिमा एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने शिक्षक की सेवाओं और उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
जिलाधिकारी ने कहा कि राजेश उपाध्याय का चयन जनपद के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है। उनके नवोन्मेषी प्रयास, अथक परिश्रम और विद्यार्थियों के भविष्य के प्रति समर्पण अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणादायी है।
वर्ष 1992 में शिक्षण सेवा शुरू करने वाले राजेश उपाध्याय ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन और समानता को प्राथमिकता दी। बारीगांव विद्यालय में 2011 में प्रभारी प्रधानाध्यापक का कार्यभार संभालने के समय छात्र संख्या 34 थी, जो अभिभावकों से निरंतर संपर्क, नियमित कक्षा शिक्षण और गृहकार्य की निगरानी जैसे प्रयासों से बढ़कर 130 तक पहुंची।
उन्होंने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यालय समय से पहले और बाद में निःशुल्क कोचिंग भी दी। इसके परिणामस्वरूप विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय आय एवं योग्यता परीक्षा में सफलता हासिल की। विज्ञान प्रदर्शनी में विद्यालय के विद्यार्थियों ने 2023-24 और 2024-25 में जनपद स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। खेलकूद में भी विद्यार्थियों ने विभिन्न पदक हासिल कर मंडल स्तरीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया।
कोविड काल में भी उन्होंने घर-घर जाकर बच्चों को शिक्षा प्रदान की। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह ने भी उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका चयन अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणा बनेगा।




