सिसवा को तहसील बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित, व्यापारियों ने उठाईं क्षेत्रीय समस्याएं
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की जिला कार्यसमिति की बैठक में संगठन विस्तार, व्यापारी सम्मेलन और विकास के मुद्दों पर हुई चर्चा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, जनपद महराजगंज की जिला कार्यसमिति की बैठक रविवार को सिसवा बाजार स्थित सिल्वर फीनिक्स अतिथि भवन में जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में जनपद के विभिन्न नगरों और कस्बों से आए व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं, सुझावों और विकास संबंधी मांगों को विस्तार से रखा। साथ ही संगठन को मजबूत बनाने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महराजगंज, फरेंदा, पुरैना, नौतनवा, मिठौरा, घुघली, सिसवा, ठूठीबारी, निचलौल सहित विभिन्न नगरों के व्यापारियों ने भाग लिया। पदाधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों की समस्याओं, बाजारों की मूलभूत सुविधाओं और व्यापारिक हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए उनके समाधान के लिए कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
बैठक में आगामी 9 अगस्त को दिल्ली में आयोजित होने वाले व्यापारी सम्मेलन में महराजगंज से बड़ी संख्या में व्यापारियों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने कहा कि व्यापारियों की जो भी समस्याएं बैठक में सामने आएंगी, उन्हें आवश्यकता पड़ने पर जिला प्रशासन के समक्ष प्रस्ताव के रूप में रखा जाएगा तथा प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से दिल्ली स्तर तक भी पहुंचाया जाएगा।
बैठक के दौरान जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने सिसवा बाजार को तहसील बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि सिसवा नगर पंचायत जनपद के सबसे पुराने नगरों में से एक है, लेकिन विकास की दृष्टि से अभी भी अपेक्षित सुविधाओं से वंचित है। प्रस्ताव पर उपस्थित सभी व्यापारियों ने दोनों हाथ उठाकर सर्वसम्मति से समर्थन दिया और सिसवा को तहसील बनाए जाने की मांग का अनुमोदन किया।
वहीं नौतनवा से आए व्यापारियों ने नौतनवा रेलवे स्टेशन पर एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना था कि इससे सीमावर्ती क्षेत्र के व्यापार, यात्रियों और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ा लाभ मिलेगा।
जिलाध्यक्ष सुरेश रूंगटा ने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए सभी नगर इकाइयों में व्यापक सदस्यता अभियान चलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन जितना मजबूत होगा, व्यापारियों की आवाज उतनी ही प्रभावी ढंग से शासन और प्रशासन तक पहुंचेगी।
बैठक के दौरान सिसवा नगर में युवा व्यापार मंडल के विस्तार की घोषणा करते हुए चंदन सोनी को युवा व्यापार मंडल का नगर अध्यक्ष मनोनीत किया गया। साथ ही उनकी टीम के गठन की भी घोषणा की गई।
बैठक का संचालन जिलामहामंत्री प्रमोद जायसवाल ने किया, जबकि कार्यक्रम के संयोजक नगर अध्यक्ष जितेंद्र वर्मा रहे।
इस अवसर पर जय प्रकाश भालोटिया, रोशन लाल वर्मा, हरिराम भालोटिया, बाबूलाल अग्रवाल, शिवजी सोनी, योगेश जायसवाल, राजेंद्र पटेल, सुधाकर पटेल, किशन जायसवाल, धर्मवीर सोनी, बृजकिशोर जायसवाल, दिनेश सोनी, रामचंद्र रावत, मनोज पुरी, अमित पुरी, उदित नारायण, नदीम अब्बासी, दयाराम मोदनवाल, राधेश्याम सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, राजाराम जायसवाल, जयराम सिंह, अंकुर अग्रवाल, सुनील केसरी, अमरेंद्र मल्ल, वैष्णो सोनी, काली जायसवाल, उमाशंकर जायसवाल, आशीष अग्रवाल, बिपिन जायसवाल, शैलेश पांडे सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।




