स्वच्छता अभियान में पंडित दीन दयाल इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस ने संभाली कमान, स्मारकों की साफ-सफाई

महराजगंज।(न्यूज पैच)। गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर 102 यूपी बटालियन एनसीसी गोरखपुर एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में पं. दीन दयाल इंटर कॉलेज, महाराजगंज के छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के तहत एनसीसी कैडेट्स एवं एनएसएस स्वयंसेवकों ने विभिन्न स्मारकों की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्री दुर्गेश सिंह ने विद्यार्थियों को स्वच्छता के महत्व के बारे में समझाते हुए कहा कि स्वच्छता स्वस्थ जीवन और स्वस्थ समाज की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने की अपील की।
एनएसएस अधिकारी श्री जितेंद्र वर्मा ने भी विद्यार्थियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हमारी नियमित जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने घर, विद्यालय और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने का संकल्प ले, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने अभियान में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करते हैं।
एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी के मार्गदर्शन में एनसीसी कैडेट्स मयंक, अभय गुप्ता, अवनीश यादव, प्रियांशु वर्मा, आकर्ष, एजाज, आर्शिब, खुशबू, अंकिता, प्रियल, महक सहित अन्य कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने स्मारकों एवं आसपास के परिसर की सफाई कर स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने “स्वच्छता अपनाएं, स्वस्थ समाज बनाएं” का संदेश देते हुए लोगों को साफ-सफाई के प्रति जागरूक किया।




