धान क्रय केंद्रों का डीएम ने किया निरीक्षण, मंडी की जर्जर सड़कों पर जताई नाराजगी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले में धान खरीद को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने आनंदनगर मंडी स्थित धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खरीद व्यवस्था, किसानों को मिलने वाली सुविधाओं और धान के उठान की स्थिति का जायजा लेते हुए केंद्र प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला खाद्य विपणन अधिकारी से मंडी में संचालित क्रय केंद्रों की जानकारी ली। जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी ने बताया कि आनंदनगर मंडी में खाद्य विभाग की विपणन शाखा के चार, नेफेड के तीन और मंडी समिति का एक, कुल आठ धान क्रय केंद्र संचालित हैं।
निरीक्षण के समय खाद्य विभाग के आनंदनगर मंडी द्वितीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी सत्येंद्र सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह का 43.20 क्विंटल तथा आनंदनगर मंडी तृतीय केंद्र पर बाजारडीह निवासी अजय प्रताप सिंह पुत्र अनिरुद्ध सिंह का 43.20 क्विंटल धान तौला जा रहा था।
जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को किसानों के साथ विनम्र व्यवहार करने और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र प्रभारी प्रतिदिन समय से उपस्थित रहकर अधिक से अधिक किसानों से धान खरीद सुनिश्चित करें। खरीदे गए धान का संबंधित मिलों को समय से प्रेषण किया जाए, ताकि क्रय केंद्रों पर किसी भी स्थिति में धान लंबित न रहे।
इस दौरान मंडी समिति की जर्जर सड़कों और परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। मंडी सचिव ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया मई माह में ही पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। टेंडर होने के बावजूद निर्माण कार्य में देरी पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए उपनिदेशक मंडी (निर्माण) को कारण बताओ नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने मंडी परिसर में किसानों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे धान विक्रय के लिए खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल [https://fcs.up.gov.in] अथवा यूपी किसान मित्र ऐप के माध्यम से पंजीकरण कराएं। उन्होंने समर्थन मूल्य का भुगतान सीधे प्राप्त करने के लिए किसानों को अपने बैंक खाते को आधार से लिंक कराने और एनपीसीआई से मैपिंग सुनिश्चित कराने की सलाह दी।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ, जिला खाद्य विपणन अधिकारी अमित चौधरी सहित अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।




