छठ घाटों का डीएम ने किया निरीक्षण, सुरक्षा और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। छठ पर्व को लेकर श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने फरेंदा स्थित दुर्गा मंदिर के छठ घाट का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाटों पर स्वच्छता, मूलभूत सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी को नगर पंचायत क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती घाटों पर पहुंचते हैं। ऐसे में सभी घाटों पर स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, मोबाइल टॉयलेट सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों को सुगम बनाने के साथ प्रवेश और निकासी की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया, ताकि भीड़ का अनावश्यक दबाव न बने और भगदड़ जैसी स्थिति से बचा जा सके। इसके लिए पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों और वालंटियर की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने एसडीएम फरेंदा को सभी छठ घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा। महिला व्रतियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए घाटों पर सादी वर्दी में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही महिलाओं के साथ अभद्रता करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने को कहा।
उन्होंने घाटों की गहराई और जलस्तर का आकलन कर संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने तथा पर्याप्त संख्या में नाव और गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित अधिकारी समय रहते तैयारियां पूरी करें, ताकि पर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो सके।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम फरेंदा प्रेम शंकर पांडेय, तहसीलदार फरेंदा वशिष्ठ, नगर पंचायत आनंदनगर के अधिशासी अधिकारी अनुज भारती सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।




