शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार, न्यायालय में किया पेश

फरेंदा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। महिलाओं से जुड़े अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत फरेंदा पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में वांछित चल रहे एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार थाना फरेंदा में दर्ज मुकदमा संख्या 177/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69 के तहत आरोपी की तलाश की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी फरेंदा के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पप्पू पुत्र रामनैन (22 वर्ष) निवासी ग्राम रतनपुरवा टोला नसीराबाद, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पर एक युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म करने का आरोप है। घटना के संबंध में पीड़िता की शिकायत के आधार पर फरेंदा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद से आरोपी फरार चल रहा था।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की गई और आवश्यक विधिक औपचारिकताएं पूरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला संबंधी अपराधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जा रहा है। महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली टीम में थाना प्रभारी फरेंदा राघवेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मौर्य, कांस्टेबल चन्दन चौरसिया तथा कांस्टेबल बुद्धिसागर शामिल रहे।
रवि श्रीवास्तव




