पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा, डीएम ने लंबित मामलों में तेजी के दिए निर्देश
महराजगंज में लक्ष्य से अधिक सोलर इंस्टॉलेशन, 758 ऋण और 89 विद्युत निरीक्षण के मामले लंबित

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सोलर इंस्टॉलेशन, बैंक ऋण, नेट मीटरिंग, विद्युत निरीक्षण और वेंडरों द्वारा पोर्टल पर विवरण अपलोड करने की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिले में 3,604 सोलर इंस्टॉलेशन का लक्ष्य निर्धारित है। अप्रैल से अगस्त तक 1,500 के निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 1,832 इंस्टॉलेशन हो चुके हैं। सितंबर में 15 तारीख तक 250 और जुड़ने के बाद अब तक कुल 4,037 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए हैं।
758 ऋण प्रकरण लंबित
समीक्षा में बैंक ऋण से जुड़े 758 प्रकरण लंबित पाए गए। इनमें 572 मामले Completed और 186 Sanctioned श्रेणी में हैं। डीएम ने बैंक अधिकारियों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ऋण वितरण की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए।
89 विद्युत निरीक्षण बाकी
सोलर संयंत्रों के विद्युत निरीक्षण के भी 89 मामले लंबित हैं। इनमें महराजगंज खंड के 41, नौतनवा के 24, आनंदनगर के 3 और निचलौल के 21 प्रकरण शामिल हैं। जिलाधिकारी ने सभी लंबित निरीक्षण समय से पूरा करने को कहा।
336 इंस्टॉलेशन का पोर्टल अपलोड लंबित
विभिन्न वेंडरों द्वारा 336 सोलर इंस्टॉलेशन का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया जाना बाकी है। डीएम ने वेंडरों और संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने तथा तकनीकी समस्याओं का समन्वय से समाधान कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि योजना का लाभ पात्र परिवारों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने विद्युत विभाग, बैंकों और अधिकृत वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय के साथ लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को ऋण, इंस्टॉलेशन, निरीक्षण और नेट मीटरिंग के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि और योजना से जुड़े अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




