बारिश के मौसम में नगर पालिका कर्मियों को मिले रेनकोट, अध्यक्ष ने कहा— कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल एवं अधिशासी अधिकारी आलोक कुमार मिश्रा ने शनिवार को नगर पालिका के समस्त कर्मचारियों को वर्षा ऋतु में कार्य के दौरान सुरक्षा एवं सुविधा के लिए रेनकोट वितरित किए।
इस अवसर पर अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगर पालिका के कर्मचारी हर मौसम में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हैं। उन्होंने कहा कि तेज बारिश सहित विपरीत परिस्थितियों में भी कर्मचारी स्वच्छता व्यवस्था, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं को सुचारु बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए सभी कर्मचारियों को रेनकोट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि वे सुरक्षित वातावरण में अपने दायित्वों का निर्वहन कर सकें।
कार्यक्रम में अध्यक्ष प्रतिनिधि निर्मेश मंगल, प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, सभासद अजय गुप्ता, सफाई लिपिक उमाशंकर, लिपिक कृष्ण मणि पटेल, जलकल लिपिक अखिलेश पांडेय, कंप्यूटर ऑपरेटर इन्द्रेश कुमार, सफाई नायक इंद्रासन, कार्यालय सहायक संदीप सहानी, सोनू कुमार, आरिफ खान सहित नगर पालिका परिषद के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे।




