इंदिरा नगर वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचीं नगर पालिका अध्यक्ष, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद महराजगंज की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने शनिवार को इंदिरा नगर वार्ड का भ्रमण कर मुख्य सड़कों एवं विभिन्न गलियों में चल रहे साफ-सफाई कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सफाई नायकों को निर्देशित किया कि किसी भी गली, सड़क या सार्वजनिक स्थल पर कूड़ा-करकट जमा न होने पाए। साथ ही नालियों की नियमित सफाई, घर-घर से कूड़ा उठाने तथा आवश्यकतानुसार ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों से भी स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि घरों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा नगर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण ही स्वस्थ समाज की पहचान है।
निरीक्षण के दौरान सफाई नायक इंद्रासन, विशाल गुप्ता, कुणाल त्रिपाठी, मानिकचंद, तुलसी, विनोद गौतम, आरिफ खान सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




