वृक्षारोपित पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग और अधिकतम जीवितिता सुनिश्चित करें: सीडीओ

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिला वृक्षारोपण एवं गंगा समिति की बैठक आज मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में वृक्षारोपण, पौधों की जीवितिता, आर्द्र भूमि संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के नियंत्रण एवं पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी संबंधित विभाग अपने-अपने विभाग द्वारा रोपित पौधों की शत-प्रतिशत जियो टैगिंग सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि केवल पौधारोपण तक सीमित न रहते हुए रोपित पौधों की अधिकतम जीवितिता सुनिश्चित करना विभागों की प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पौधों की नियमित निगरानी, सिंचाई एवं संरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
सीडीओ ने सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम आर्द्र भूमि समिति का गठन करने के निर्देश दिए, ताकि ग्राम पंचायत स्तर पर सरोवरों एवं अन्य आर्द्र भूमियों का संरक्षण और समुचित प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने नगर निकायों एवं पंचायतीराज विभाग को जलाशयों की नियमित सफाई एवं उनके संरक्षण के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
मुख्य विकास अधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सभी नगरीय निकायों में वृहद अभियान संचालित करने को कहा। साथ ही बायो मेडिकल वेस्ट का निस्तारण एनजीटी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों को इको फ्रेंडली उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा अपने कार्यालयों में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग पूर्णतः रोकने के लिए कहा।
प्रभागीय वनाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जनपद में लगभग 33 लाख पौधे रोपित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि रोपित पौधों को बचाना विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है तथा सभी विभागों से वृहद वृक्षारोपण स्थलों की यथासंभव बाड़बंदी कराने का अनुरोध किया।
बैठक में अधिशासी अभियंता लोक निर्माण निर्माण खंड एडिसन सिंह, उपायुक्त श्रम रोजगार गौरवेंद्र सिंह, एआर कोऑपरेटिव सुनील गुप्ता, डिप्टी सीवीओ डॉ. विनोद विश्वकर्मा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




