20 मई के भारत बंद से अलग रहेगा केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन, दवा दुकानें रहेंगी खुली

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स एसोसिएशन ने 20 मई को प्रस्तावित भारत बंद के आवाहन से स्वयं को अलग रखते हुए जिले की सभी दवा दुकानों को सामान्य रूप से खुला रखने का निर्णय लिया है। संगठन ने स्पष्ट किया कि जनहित और मरीजों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया गया है, ताकि किसी भी मरीज को दवा के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े।
एसोसिएशन की बैठक में बताया गया कि प्रदेश एवं केंद्र सरकार के निर्देशों तथा आम नागरिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। संगठन द्वारा जनसंपर्क अभियान के माध्यम से भी लोगों को इसकी जानकारी दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स की ओर से 20 मई को भारत बंद का आवाहन किया गया है, लेकिन महराजगंज जिला इकाई इस बंद में शामिल नहीं होगी।
संगठन के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार चौरसिया ने कहा कि दवा व्यवसाय केवल व्यापार नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे में आवश्यक एवं गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता बनाए रखना संगठन की जिम्मेदारी है। इसी उद्देश्य से जिले की सभी संबद्ध नगर इकाइयों की दवा दुकानों को खुला रखने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया।
जिला महामंत्री विनय कुमार नायक ने कहा कि मरीजों की जरूरतों को देखते हुए किसी भी प्रकार की असुविधा उत्पन्न नहीं होने दी जाएगी।
बैठक में अनुराग जायसवाल, चक्रपाणी पाण्डेय, विकास चौरसिया, अमित कुमार नायक, देवेश राय, देवेंद्र मणि त्रिपाठी, ब्रजेंद्र प्रजापति, राकेश पटेल, सुरेंद्र यादव सहित तमाम दवा व्यवसायी मौजूद रहे।
आर्यन श्रीवास्तव




