तेज हवा में सड़क पर गिरा होटल का बोर्ड, वाहन अनियंत्रित होने से महिला की मौत
गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर महाराजा होटल के पास हुआ हादसा, दवा कराकर घर लौट रहे थे मां-बेटा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर महाराजा होटल के पास बुधवार को तेज हवा के दौरान सड़क के डिवाइडर के बीच लगा होटल का बोर्ड टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से एक वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया। हादसे में वाहन पर सवार 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार, लक्ष्मीपुर जरलहिया निवासी दुर्विजय विश्वकर्मा अपनी 45 वर्षीय मां सुभावती देवी के साथ गोरखपुर से दवा कराकर घर लौट रहे थे। बुधवार को करीब 11:45 बजे वे गोरखपुर-महराजगंज मार्ग पर महाराजा होटल के पास पहुंचे थे।
इसी दौरान मौसम खराब होने के कारण तेज हवा चल रही थी। तेज हवा के बीच सड़क के डिवाइडर के बीच लगा महाराजा होटल का बोर्ड टूटकर सड़क पर गिर गया। बोर्ड गिरने से वाहन अनियंत्रित होकर गिर गया, जिसमें सुभावती देवी को गंभीर चोटें आईं।
हादसे की सूचना राहगीर ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परतावल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सुभावती देवी को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।




