मार्ग दुर्घटना में महिला की मौत , शादी में जाते समय हुआ हादसा

पनियरा, महराजगंज। (न्यूज पैच)। पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत महुअवा शुक्ल की एक महिला की मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई । मृतका अपने पीछे तीन छोटे बच्चों और पति को छोड़ गई हैं ।
मिली जानकारी के अनुसार महुअवा शुक्ल निवासी रजला देवी (35) पत्नी राजू गुप्ता बीते मंगलवार को अपने पति के साथ बाइक से एक रिश्तेदार के वहां आयोजित शादी समारोह मे जा रही थीं । रास्ते में टिकरिया रोड पर अचानक बाइक के पिछले पहिए के नीचे पत्थर का एक टुकड़ा आ गया, जिससे बाइक अनियंत्रित हो गई और संतुलन बिगड़ने पर पीछे बैठी रजला देवी सड़क पर गिर गईं और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई ।
घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग उन्हें तत्काल पनियरा के एक निजी अस्पताल ले गए । जहा पर महिला की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया । मेडिकल कॉलेज में मंगलवार की रात उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई ।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई । परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है मृतका के तीन बच्चे हैं बड़ा बेटा अमित 15 वर्ष का है , जबकि बेटी अंबिका 12 वर्ष और सबसे छोटी बेटी अनुराधा 10 वर्ष की है ।
गांव में शोक का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।
रिपोर्ट – औसाफ आलम खां सोनू




