
सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय थाना क्षेत्र के मिठौरा बाजार में सोमवार को पेट्रोल पम्प पर डीजल न मिलने से नाराज ग्रामीणों ने महराजगंज – निचलौल मार्ग घंटेभर के लिये जाम कर दिया, जिससे निचलौल- सिन्दुरिया मार्ग पर वाहनों की लम्बी कतार लग गयी। सूचना मिलते ही सिन्दुरिया थाने की पुलिस ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर मामले को शांत कराया। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरु हुआ और वाहनों में बैठे यात्रियों ने राहत की सांस ली।
मिठौरा चौराहे पर स्थित पेट्रोल पम्प पर सोमवार को ग्रामीणों को सूचना मिली कि डीजल पेट्रोल पम्प पर उपलब्ध है। देखते देखते क्षेत्रीय ग्रामीणों ने ट्रेक्टर ट्राली, गैलन लेकर पेट्रोल पम्प पर पहुंच गये और पेट्रोल पम्प पर गैलनो की लम्बी लाइन लग गयी। पेट्रोल पम्प पर ग्रामीणों की बढ़ती भींड देखकर पेट्रोल पम्प पर कार्य कर रहे कर्मचारियों ने मशीन खराब है बोर्ड लगा फरार हो गये, जिससे नाराज ग्रामीणों ने महराजगंज – निचलौल मार्ग को जाम कर दिया। दोनों तरफ से बस, ट्रक, कार, बाइक और ऑटो रिक्शा की लम्बी कतार लग गयी।
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन के विरुद्ध नारे लगाये। वहीं डीजल लेने के लिए आये बड़हरामीर निवासी सुनील, मोजरी निवासी तबारक, पड़री निवासी राम दरस गुप्ता, सहित राम गोविंद, रजनीश,
मनोज गिरी ने कहा कि वर्तमान समय में धान का बेहन डाल दिया गया है। खेत में पानी न चलने के कारण दरार पड़ गया है और वह पानी के बिना सुख रहे हैं। तीन चार दिनों से डीजल के लिए पेट्रोल पम्प का चक्कर लगा रहे है लेकिन मायुशी हाथ लग रही है। ग्रामीणों ने सभी पेट्रोल पम्पो पर तत्काल डीजल और पेट्रोल भरपुर मात्रा मे उपलब्ध कराने की मांग की।
प्रमोद मौर्य




