ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

विद्यालयों की समस्याओं के समाधान के लिए एकजुट होकर संघर्ष करेगा महराजगंज डिस्ट्रिक्ट स्कूल एसोसिएशन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। महराजगंज डिस्ट्रिक्ट स्कूल एसोसिएशन की 32वीं साधारण सभा की बैठक नगर स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक रंजन त्रिपाठी ने की, जबकि संचालन सचिव महेंद्र नंद जायसवाल ने किया।

बैठक में निजी विद्यालयों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय वाहनों के आरटीओ द्वारा किए जा रहे चालान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि यदि किसी विद्यालय वाहन के दस्तावेजों में कमी है तो विद्यालय प्रबंधन को पहले इसकी जानकारी देकर सुधार का अवसर दिया जाना चाहिए। साथ ही, बसों में यात्रा करने वाले बच्चों को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए। इस संबंध में जिलाधिकारी से मिलकर समस्या के समाधान की मांग रखने पर सहमति बनी।

अमरावती देवी पब्लिक स्कूल, भगापार के प्रतिनिधि ने बताया कि वाहन का पंजीकरण लगभग दो माह पूर्व हो चुका है, लेकिन अभी तक पंजीकरण प्रमाणपत्र और नंबर प्लेट उपलब्ध नहीं कराई गई है। सनराइज पब्लिक स्कूल, भगापार की ओर से भी विद्यालय वाहनों से संबंधित समस्याएं सदन के समक्ष रखी गईं।

बैठक में विद्यालयों के सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने पर भी जोर दिया गया। सदस्यों ने कहा कि यदि विद्यालय संचालक सभी वैधानिक दस्तावेज पूरे रखते हैं और इसके बावजूद उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान किया जाता है, तो संगठन एकजुट होकर संबंधित अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखेगा।

बैठक में शिक्षा के अधिकार अधिनियम के अंतर्गत मिलने वाली प्रतिपूर्ति राशि का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। सदस्यों ने कहा कि विद्यालयों को लंबे समय से प्रतिपूर्ति राशि प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस विषय को जिलाधिकारी के समक्ष रखकर शीघ्र समाधान की मांग की जाएगी।

सचिव महेंद्र नंद जायसवाल ने विद्यालयों के बीच आपसी एकता को मजबूत करने के लिए अंतरविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने का प्रस्ताव रखा। उपस्थित सदस्यों ने प्रस्ताव का समर्थन करते हुए संगठन के स्तर पर खेल प्रतियोगिता आयोजित करने पर सहमति व्यक्त की।

उपाध्यक्ष बी.के. तिवारी ने बच्चों की आधार आईडी जनरेट होने के बाद आधार कार्ड में संशोधन से संबंधित समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इसके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों से सामूहिक रूप से वार्ता की जानी चाहिए।

अध्यक्ष आलोक रंजन त्रिपाठी ने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता में निहित है। सभी विद्यालय संचालकों को संगठन पर विश्वास रखते हुए अपनी समस्याओं के सामूहिक समाधान के लिए एकजुट रहना होगा। उन्होंने संगठन का विस्तार करते हुए जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों को इससे जोड़ने और उनकी समस्याओं को उचित स्तर तक पहुंचाने पर जोर दिया।

बैठक में निर्णय लिया गया कि विद्यालयों से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा और उनके समाधान के लिए संगठन सामूहिक रूप से प्रयास करेगा।

अगली बैठक नवंबर माह में प्रातः 10 बजे एसपी एकेडमी, शिकारपुर में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में महेंद्र नंद जायसवाल (कॉस्मोपॉलिटन स्कूल), संजय कुमार मिश्रा (जे.के. मॉन्टेसरी स्कूल), दुर्गेश सिंह (पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज), अमित चंद्र (राशिन स्कूल), नीरज त्रिपाठी (गांधी पब्लिक स्कूल, बहरा), आलोक चौधरी (अनुप पब्लिक स्कूल), निलेश कुमार वर्मा (गुरुकुल शिक्षा निकेतन), सद्दाम हुसैन (मंजेश पैराडाइज एकेडमी), गुप्ता मिश्रा (अल्माइटी स्कूल, महराजगंज), अदनान अब्दुल्लाह (स्कॉलर एकेडमी, आनंदनगर), सुरेंद्र पटेल (माइलस्टोन हेरिटेज स्कूल), कमलेश शर्मा (सनराइज पब्लिक स्कूल, भगापार), धर्मेंद्र कुमार यादव (अमरावती देवी पब्लिक स्कूल, भगापार), नसीम अंसारी (ताल पब्लिक स्कूल), एंथोनी एमपी आनंद, शंकर श्रीवास्तव (जेपी एजुकेशनल एकेडमी), अजय जायसवाल (एक्सीलेंट इंग्लिश स्कूल), अंकुर गुप्ता (एसबीवीएम धान्या, महराजगंज), डॉ. प्रवीण श्रीवास्तव (के. इंटरनेशनल इंग्लिश स्कूल), आलोक रंजन तिवारी (डिवाइन पब्लिक स्कूल), बी.के. तिवारी एकेडमी, रत्नेश चंद्र (सेंट जेवियर), अजय कुमार एकेडमी, कलिंग यादववंशी चौधरी (के.एम. मेमोरियल एकेडमी), इरफान उल्लाह (आर.के. इंटरमीडिएट कॉलेज, लक्ष्मीपुर), नवीन सिंह (जी. नेशनल पब्लिक स्कूल, भजमनगंज), नागेश्वर गुप्ता (रोटरी पब्लिक स्कूल) और दुर्गा तिवारी (एसपी एकेडमी, शिकारपुर) सहित बड़ी संख्या में विद्यालय संचालक एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!