शिक्षक-अभिभावक बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता और नियमित उपस्थिति पर जोर
खंड शिक्षा अधिकारी ने अभिभावकों से बच्चों को प्रतिदिन विद्यालय भेजने की अपील की, शिक्षकों को नवाचार आधारित शिक्षण के दिए निर्देश

महराजगंज। सदर विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय बागापार द्वितीय में शिक्षक-अभिभावक बैठक (पीटीएम) का आयोजन किया गया। बैठक का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, नियमित उपस्थिति, अनुशासन तथा विद्यालय के समग्र विकास को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों के बीच संवाद स्थापित करना था। बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने सहभागिता कर अपने सुझाव भी दिए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित खंड शिक्षा अधिकारी सदर वंशीधर सिंह ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चों का उज्ज्वल भविष्य तभी संभव है जब अभिभावक उनकी पढ़ाई पर नियमित ध्यान दें और उन्हें प्रतिदिन विद्यालय भेजें। उन्होंने कहा कि विद्यालय और परिवार के संयुक्त प्रयासों से ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।
उन्होंने शिक्षकों से भी शिक्षण कार्य में नवाचार अपनाने, बच्चों की सीखने की क्षमता बढ़ाने तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक में विद्यालय के प्रधानाध्यापक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने विद्यालय में संचालित शैक्षिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की प्रगति तथा अभिभावकों की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने और घर पर भी अध्ययन के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने की अपील की।
इस अवसर पर कंपोजिट विद्यालय बागापार के प्रभारी सुरेंद्र उपाध्याय, सहायक अध्यापक महेंद्र यादव एवं चंद्रशेखर जायसवाल, शिक्षामित्र संतोष तिवारी और सरिता यादव सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में सीताराम, नीतू वर्मा, बनारसी लाल गौतम, दशरथ गुप्ता, राजकुमार शर्मा, सुंदरी देवी, सरिता देवी, पूनम देवी, शांति देवी, दुर्गेश कुमार गौतम, लक्ष्मीना, जवाहिर, मनीषा सहित बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शिक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की।




