आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों-सहायिकाओं का सम्मान, मानदेय बढ़ने पर जताई खुशी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं तथा महिला कल्याण विभाग के उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदेश की करीब 3.1 लाख आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों एवं सहायिकाओं के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। इसके तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों का मानदेय बढ़ाकर ₹12,000 और सहायिकाओं का मानदेय ₹6,000 प्रतिमाह किए जाने की घोषणा की गई है। इसके साथ ही उन्हें ₹5 लाख तक के कैशलेस हेल्थ इंश्योरेंस का लाभ भी मिलेगा।
सीडीओ ने कहा कि इन घोषणाओं से जमीनी स्तर पर कार्यरत आंगनबाड़ी कर्मियों को आर्थिक राहत के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी मिलेगी। उन्होंने कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं से इसी उत्साह एवं लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो रहा है। आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय में वृद्धि से लाखों परिवारों में खुशी का माहौल है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय से कर्मियों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिलने के साथ उनकी कार्यक्षमता को भी मजबूती मिलेगी।
समारोह में 10 आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों को साड़ी तथा 10 कार्यकर्त्रियों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। सैम श्रेणी से सामान्य श्रेणी में आए 5 बच्चों को पोषण किट प्रदान की गई। महिला कल्याण विभाग के वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर ऋचा मिश्रा एवं दत्तक ग्रहण केंद्र की केंद्र प्रबंधक अपर्णा सिंह को भी उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के 20 लाभार्थी बच्चों को विधानसभा स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में त्रैमासिक किश्त के रूप में ₹7,500 की धनराशि के चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री/सांसद के प्रतिनिधि, ब्लॉक प्रमुख सदर के प्रतिनिधि, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।




