जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का चुनाव संपन्न
संतोष श्रीवास्तव अध्यक्ष, अंकित मिश्र महामंत्री चुने गए

महाराजगंज।(न्यूज पैच)। जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज, महाराजगंज में शिक्षणेत्तर कर्मचारी संघ का चुनाव रविवार को संपन्न हुआ। चुनाव में कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से संतोष श्रीवास्तव को अध्यक्ष चुना। वहीं सुशील चौधरी उपाध्यक्ष, अंकित मिश्रा महामंत्री, अमित विक्रम त्रिपाठी संयुक्त मंत्री तथा जयराम यादव कोषाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव संपन्न होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का कर्मचारियों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया तथा उन्हें बधाई दी। इस अवसर पर उपस्थित कर्मचारियों ने नई कार्यकारिणी से कर्मचारियों के हितों की रक्षा एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने सभी कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। कर्मचारियों की समस्याओं को एकजुट होकर महाविद्यालय प्रशासन एवं संबंधित स्तर तक पहुंचाकर उनके समाधान का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की शक्ति उसकी एकता में निहित होती है। सभी कर्मचारियों को साथ लेकर एक मजबूत, सक्रिय और कर्मचारी हितैषी संगठन के रूप में कार्य किया जाएगा। कर्मचारियों के हितों से जुड़े किसी भी मुद्दे की अनदेखी नहीं होने दी जाएगी और संवाद एवं सहयोग के माध्यम से समस्याओं का समाधान कराया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष श्रवण पटेल, पूर्व अध्यक्ष डॉ. शांतिशरण मिश्र, जिला मंत्री प्रणय गौतम, जावेद अली सिद्दीकी, संतोष राव, राम नारायण नायक,सच्चिदानंद पटेल संतोष पटेल, कुमार यादव, आकाश विश्वकर्मा, शैलेंद्र धवन एवं सूरज प्रकाश सहित महाविद्यालय के सभी शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कर्मचारियों ने आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी कर्मचारियों की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए संगठन को और अधिक मजबूत बनाएगी।




