महराजगंज में बड़ा पुलिस फेरबदल, 7 थानाध्यक्ष बदले
धर्मेंद्र कुमार सिंह बने कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक, 8 पुलिस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव

महराजगंज, 15 सितंबर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने प्रशासनिक फेरबदल करते हुए एक निरीक्षक समेत कुल आठ पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इनमें सात थानाध्यक्षों की तैनाती में बदलाव किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश के अनुसार निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार सिंह को प्रभारी निरीक्षक पनियरा से हटाकर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली बनाया गया है।
वहीं उपनिरीक्षक अरविन्द कुमार सिंह को जनसुनवाई सेल से थानाध्यक्ष घुघली, आलोक कुमार सिंह को चौकी प्रभारी मिठौरा, थाना सिंदुरिया से थानाध्यक्ष कोल्हुई तथा कुंवर गौरव सिंह को थानाध्यक्ष कोल्हुई से थानाध्यक्ष पनियरा बनाया गया है।
इसी क्रम में सूरज कुमार को थानाध्यक्ष घुघली से थाना नौतनवा, विशाल कुमार शुक्ला को थानाध्यक्ष सिंदुरिया से थानाध्यक्ष सोनौली, महेन्द्र कुमार मिश्रा को थानाध्यक्ष सोनौली से थानाध्यक्ष श्यामदेउरवा तथा अनूप तिवारी को थाना ठूठीबारी से थानाध्यक्ष सिंदुरिया की जिम्मेदारी दी गई है।
पुलिस विभाग के अनुसार प्रशासनिक फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून-व्यवस्था एवं अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाना तथा पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करना है।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानांतरित अधिकारियों को नवीन दायित्वों का पूर्ण निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जनसुरक्षा, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रभावी पुलिसिंग सुनिश्चित करने को कहा गया है। :::




