स्कूली वाहनों की चेकिंग में पांच का चालान, 10 हजार रुपये जुर्माना
विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर यातायात पुलिस की कार्रवाई, फिटनेस और सुरक्षा मानकों की हुई जांच

महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए महराजगंज यातायात पुलिस ने शुक्रवार को जनपद के नगर एवं कस्बा क्षेत्रों में स्कूल-कॉलेजों में संचालित वाहनों की सघन चेकिंग की। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच वाहनों का चालान करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए गए इस अभियान के दौरान स्कूली वाहनों की फिटनेस, सुरक्षा मानकों और आवश्यक नियमों के अनुपालन की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने स्कूल-कॉलेजों में संचालित वाहनों के चालकों और संचालकों से निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की। पुलिस ने कहा कि विद्यार्थियों की यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए स्कूली वाहनों की फिटनेस और सुरक्षा नियमों का पालन आवश्यक है।
महराजगंज पुलिस की अपील
पुलिस ने स्कूली वाहनों का संचालन निर्धारित फिटनेस एवं सुरक्षा मानकों के अनुरूप करने की अपील की है। साथ ही कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है और यातायात नियमों का पालन कर उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने में सभी संबंधित लोग सहयोग करें।




