ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

जिलाधिकारी ने जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय का किया निरीक्षण, छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्ता और सुविधाओं पर दिया विशेष जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था, छात्रावास और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने शुक्रवार को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय परिसर में संचालित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया और छात्राओं की सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा मूलभूत सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कक्षा-कक्षों, सभागार, शिक्षक एवं कर्मचारी आवास सहित विद्यालय परिसर के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्था यूपीसीडको को निर्देशित किया कि असेंबली हॉल में शीघ्र एक्जॉस्ट फैन लगाया जाए, जिससे छात्राओं को कार्यक्रमों के दौरान बेहतर वातावरण मिल सके। साथ ही विद्यालय की बाउंड्री वॉल को अधिक सुरक्षित बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि परिसर में किसी भी असामाजिक तत्व की आवाजाही रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में सोलर रूफटॉप परियोजना की प्रगति की जानकारी ली और इसे जल्द से जल्द स्थापित करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि इससे विद्यालय ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और बिजली की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित होगी।

प्रधानाचार्य ने जिलाधिकारी को बताया कि वे स्वयं स्पेशल एजुकेटर हैं। इस पर जिलाधिकारी ने विद्यालय में दिव्यांग बच्चों को प्रवेश देने में प्राथमिकता बरतने का निर्देश दिया और कहा कि समावेशी शिक्षा सरकार की प्राथमिकता है, इसलिए जरूरतमंद बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर अवश्य मिलना चाहिए।

जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रही छात्राओं के भोजन की गुणवत्ता और मेस संचालन की भी जानकारी ली। प्रधानाचार्य ने बताया कि मेस का संचालन स्वयं सहायता समूह के माध्यम से किया जा रहा है तथा भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक है। इस पर जिलाधिकारी ने गुणवत्ता बनाए रखने के साथ नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने विद्यालय परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कर हरित वातावरण विकसित करने तथा किचन गार्डन तैयार करने के निर्देश भी दिए, ताकि छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के साथ पोषण संबंधी व्यवहारिक जानकारी भी मिल सके।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्रावास में रह रही छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासित जीवन अपनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जिला समाज कल्याण अधिकारी को निर्देशित किया कि छात्राओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए तथा किसी भी आवश्यकता पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था को स्पष्ट निर्देश दिए कि विद्यालय में शेष सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि शिक्षा संस्थानों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होती हैं और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, प्रधानाचार्य, सहायक विकास अधिकारी (समाज कल्याण) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!