त्योहारों के मद्देनजर डीआईजी ने महराजगंज में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा
प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस बल की मौजूदगी बढ़ाने के निर्देश, संदिग्धों की चेकिंग और रात्रि गश्त पर जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के साथ शुक्रवार को नगर क्षेत्र महराजगंज में पैदल गश्त की।
गश्त के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर अंकुर गौतम सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिसकर्मी मौजूद रहे। डीआईजी ने नगर तिराहा, बस स्टेशन सहित प्रमुख बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
उन्होंने पुलिस बल को प्रमुख स्थानों पर सतर्कता और प्रभावी मौजूदगी बनाए रखने के निर्देश दिए। आगामी त्योहारों को देखते हुए संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की प्रभावी चेकिंग, नियमित रात्रि गश्त तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। साथ ही आमजन से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की गई।




