अनियमित विद्युत कटौती पर सदर विधायक ने जताई नाराजगी, अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग
अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजकर और प्रबंध निदेशक से दूरभाष पर की वार्ता, सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रही अनियमित विद्युत कटौती को लेकर सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने गंभीरता दिखाई है। क्षेत्रीय जनता की शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए विधायक ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को पत्र भेजने के साथ ही प्रबंध निदेशक विद्युत से दूरभाष पर वार्ता कर अनियमित कटौती पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की।
विधायक ने पत्र में कहा कि विधानसभा क्षेत्र-318 सदर, महराजगंज के विभिन्न ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों से लगातार बिजली कटौती की शिकायतें मिल रही हैं। भीषण गर्मी और उमस के बीच बार-बार विद्युत आपूर्ति बाधित होने से आमजन को परेशानी हो रही है। इसका असर घरेलू उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों, किसानों, विद्यार्थियों और अन्य लोगों की दैनिक गतिविधियों पर भी पड़ रहा है।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों से अनियमित कटौती के कारणों का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने तथा बार-बार होने वाली विद्युत बाधाओं का स्थायी समाधान कराने की अपेक्षा की। विधायक ने कहा कि क्षेत्रवासियों को निर्धारित रोस्टर के अनुरूप पर्याप्त और निर्बाध विद्युत आपूर्ति मिलनी चाहिए।
विधायक ने अधिकारियों से फाल्ट अथवा तकनीकी समस्या आने पर उसका शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक एवं अनियमित विद्युत कटौती पर रोक लगाने का आग्रह किया, ताकि उपभोक्ताओं को राहत मिल सके। :::




