मुहर्रम सहित आगामी पर्वों को लेकर प्रशासन अलर्ट, पीस कमेटी की बैठक में सौहार्द और अनुशासन पर जोर डीएम और एसपी ने दिए सख्त निर्देश, गैर-परंपरागत आयोजन, आपत्तिजनक पोस्ट और हथियारों के प्रदर्शन पर रहेगी कड़ी नजर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुहर्रम सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की संयुक्त पहल पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने की। इसमें विभिन्न समुदायों के प्रबुद्धजनों, जनप्रतिनिधियों तथा प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि सभी समुदायों के लोग शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार के गैर-परंपरागत आयोजन या नए जुलूस को अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी आयोजकों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट एवं समय सारिणी का पालन करना अनिवार्य होगा।
जिलाधिकारी ने कहा कि जुलूसों में ध्वनि विस्तारक यंत्रों की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए तथा झंडे लगाने के लिए धातु अथवा विद्युत चालक सामग्री का प्रयोग न किया जाए। साथ ही ताजियों की ऊंचाई भी निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि त्योहारों के दौरान ऐसा कोई कार्य न करें जिससे किसी अन्य समुदाय की भावनाएं आहत हों अथवा कानून-व्यवस्था प्रभावित हो। जिलाधिकारी ने कहा कि सोशल मीडिया पर प्रशासन और पुलिस की लगातार निगरानी है। किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भ्रामक या भड़काऊ पोस्ट करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मुहर्रम जुलूसों के दौरान अस्त्र-शस्त्र के प्रदर्शन पर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्थिति में हथियारों का प्रदर्शन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
बैठक में अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैठकें आयोजित कर लोगों को आवश्यक दिशा-निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों का संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करने तथा संभावित जोखिम वाले स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा।
साथ ही उन्होंने सड़कों पर लगे अनावश्यक झंडे, पोस्टर और बैनर हटाने के लिए अभियान चलाने तथा विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर स्थित बिजली के खंभों और तारों का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से जर्जर एवं लटकते विद्युत तारों को दुरुस्त कराने पर जोर दिया, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने दोनों समुदायों के लोगों से परस्पर भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग नियम और अनुशासन का पालन करें तथा किसी नई परंपरा की शुरुआत न करें। जुलूसों और आयोजनों को अराजक तत्वों से दूर रखा जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दी जाए।
एसपी ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि ऐसी किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील स्थलों को चिन्हित कर वहां विशेष निगरानी रखने तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान दोनों समुदायों के प्रबुद्धजनों ने भी अपने सुझाव और समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। सभी ने आश्वासन दिया कि आगामी त्योहारों को आपसी सद्भाव, भाईचारे और शांति के साथ मनाया जाएगा तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग दिया जाएगा।
बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) डॉ. प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




