केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में पंद्रह दिवसीय सर्जिकल मेगा कैंप, मरीजों को मिल रहा पूर्णतः निःशुल्क उपचार

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद के केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा संचालित पंद्रह दिवसीय सर्जिकल मेगा कैंप आमजन के लिए वरदान साबित हो रहा है। इस विशेष अभियान के अंतर्गत विभिन्न प्रकार की गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को भर्ती से लेकर डिस्चार्ज तक की सभी सुविधाएं पूर्णतः निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसमें जांच, ऑपरेशन, दवाएं, भर्ती, देखभाल तथा मरीजों के भोजन की व्यवस्था भी पूरी तरह निःशुल्क है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार कैंप में भर्ती मरीजों को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन तथा रात्रि भोजन भी निःशुल्क प्रदान किया जा रहा है। केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल द्वारा रोग निवारण के उद्देश्य से शुरू किए गए इस अभियान में विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में बच्चेदानी की सर्जरी, स्तन की गांठ की सर्जरी, बच्चेदानी में गांठ की सर्जरी सहित महिलाओं से संबंधित विभिन्न रोगों का इलाज एवं ऑपरेशन किया जा रहा है। वहीं हड्डी एवं जोड़ रोग विभाग में हड्डियों के ऑपरेशन, घुटना प्रत्यारोपण, कुल्हा प्रत्यारोपण तथा अन्य ऑर्थोपेडिक सर्जरियां निःशुल्क की जा रही हैं।
सर्जरी विभाग में पित्त की थैली (गॉलब्लैडर) का ऑपरेशन, हर्निया, हाइड्रोसील, बवासीर, विभिन्न प्रकार की गांठों एवं पेट संबंधी रोगों की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके अतिरिक्त ईएनटी, नेत्र रोग, त्वचा रोग तथा शिशु रोग विभागों में भी मरीजों को निःशुल्क भर्ती एवं उपचार की सुविधा दी जा रही है।
इस अवसर पर संस्था के सीईओ डॉ.एस एम रफीक एवं डीन प्रो डॉ संकल्प द्विवेदी ने बताया कि यह अभियान पिछले एक सप्ताह से सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि केवल आज के दिन 73 सफल सर्जरियां की गईं, जबकि प्रतिदिन लगभग 80 से 100 मरीज भर्ती होकर इस विशेष सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीजों की देखभाल पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है तथा किसी भी मरीज से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है।
अस्पताल के डिप्टी सीईओ डॉ. शमशूल हक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोग अस्पताल पहुंचकर इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं और अपना निःशुल्क इलाज कराएं। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि स्वस्थ समाज ही एक सुंदर, समृद्ध और विकसित वातावरण की आधारशिला होता है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि किसी भी बीमारी को नजरअंदाज न करें और केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में उपलब्ध निःशुल्क चिकित्सा सुविधाओं का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
केएमसी मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का यह जनहितकारी अभियान क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। अस्पताल प्रशासन ने सभी जरूरतमंद मरीजों से इस मेगा सर्जिकल कैंप का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।




