निचलौल थाने के हेड मुहर्रिर के कथित सुसाइड नोट में गंभीर आरोप, डीजीपी से निष्पक्ष जांच की मांग

महराजगंज। निचलौल थाने में तैनात हेड मुहर्रिर विशाल सिंह के नाम से सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित सुसाइड नोट ने पुलिस महकमे में हलचल मचा दी है। मामले में आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर ने उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने की मांग की है।

डीजीपी को भेजे गए पत्र में अमिताभ ठाकुर ने कथित सुसाइड नोट का हवाला देते हुए थाने के कुछ अधिकारियों और एक जनप्रतिनिधि पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पत्र में जब्त पटाखों में कथित अनियमितता, दबाव बनाने, अपमानित करने और प्रताड़ित करने जैसे आरोपों का उल्लेख किया गया है।

अमिताभ ठाकुर ने दावा किया है कि विशाल सिंह ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया है और उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उन्होंने पूरे मामले में कथित सुसाइड नोट, जब्त पटाखों के अभिलेख, संबंधित वीडियो और सीसीटीवी फुटेज की जांच किसी वरिष्ठ एवं निष्पक्ष अधिकारी से कराने की मांग की है। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
न्यूज पैच का पक्ष: सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित सुसाइड नोट और आजाद अधिकार सेना द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामले में आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




