विधानसभा चुनाव-2027 की तैयारियां तेज, निर्वाचन कार्यों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
मानव संसाधन से लेकर ईवीएम, व्यय निगरानी और कानून-व्यवस्था तक अलग-अलग अधिकारियों को जिम्मेदारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की तैयारियां जिला स्तर पर शुरू कर दी गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों की निगरानी और समन्वय के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अलग-अलग दायित्व सौंपे गए हैं। इनमें मानव संसाधन प्रबंधन, प्रशिक्षण, सामग्री प्रबंधन, परिवहन, कम्प्यूटरीकरण एवं साइबर सुरक्षा, स्वीप, कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा योजना, ईवीएम प्रबंधन, आदर्श आचार संहिता (एमसीसी), व्यय मॉनिटरिंग, मतपत्र/डाक मतपत्र एवं ईटीपीबीएस, मीडिया, संचार योजना, निर्वाचक नामावली और शिकायत निवारण एवं मतदाता हेल्पलाइन शामिल हैं।
इसके अलावा निर्वाचन प्रेक्षकों से संबंधित कार्यों के लिए भी अधिकारियों को जिम्मेदारी दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में वर्तमान में 315-फरेंदा, 316-नौतनवा, 317-सिसवा, 318-महराजगंज (अजा.) और 319-पनियरा समेत पांच विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र हैं।
निर्वाचन से संबंधित कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा सौंपे गए दायित्वों का समय से निर्वहन करने को कहा गया है।




