शिक्षक बच्चों को जिस रूप में ढालें, वे उसी रूप में निखरते हैं — डीआईओएस
खेल के क्षेत्र में विशेष योगदान के लिए जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव सम्मानित

घुघली, महराजगंज।(न्यूज पैच)। शिक्षक दिवस के अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय में आयोजित समारोह में शिक्षा एवं खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले जनपद के 18 शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर उनके योगदान की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा ने कहा कि बच्चे कच्ची मिट्टी की तरह होते हैं। शिक्षक उन्हें जिस रूप में ढालना चाहें, उसी रूप में उनका व्यक्तित्व निखरता है। शिक्षक समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाते हैं। उन्होंने सम्मानित शिक्षकों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के क्रीड़ाधीक्षक एवं जिला क्रीड़ा सचिव अजय कुमार श्रीवास्तव को खेल के क्षेत्र में उनके विशेष योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डीआईओएस ने कहा कि अजय कुमार श्रीवास्तव को जिला क्रीड़ा सचिव की जिम्मेदारी मिलने के बाद उनके मार्गदर्शन में जनपद के खिलाड़ियों ने तहसील स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करते हुए पदक हासिल किए हैं।
अजय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा के कुशल निर्देशन एवं खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन से जनपद में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिला है। उन्होंने बताया कि पहले जनपद की बालिका टीमें हॉकी, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और क्रिकेट जैसी प्रतियोगिताओं में अपेक्षित रूप से प्रतिभाग नहीं करती थीं। डीआईओएस के प्रयास और प्रोत्साहन से इन खेलों में टीमों को तैयार किया गया और अब खिलाड़ी विभिन्न स्तरों पर प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
समारोह में डीएवी नारंग इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य जोगेंद्र प्रसाद, गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, पूर्व जिला विद्यालय निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, पूर्व चेयरमैन वीरेंद्र सिंह, भाजपा राष्ट्रीय कार्यसमिति सदस्य जनार्दन प्रसाद गुप्त, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ओमप्रकाश जायसवाल, नगर अध्यक्ष संतोष जायसवाल, शिक्षक वीरेंद्र यादव, प्रधानाचार्य हौसला प्रसाद सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सम्मान समारोह में शिक्षकों के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए शिक्षा और खेल के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।




