घुघली रेलवे स्टेशन पर बेसहारा लोगों का पुलिस ने जाना हाल-चाल
सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, जरूरतमंदों को उपलब्ध कराया सहायता का भरोसा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। अपराध नियंत्रण के साथ सामाजिक एवं मानवीय सरोकारों को लेकर महराजगंज पुलिस की पहल लगातार जारी है। इसी क्रम में शनिवार को पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में थाना घुघली की सीपीयू टीम ने घुघली रेलवे स्टेशन का भ्रमण कर वहां मौजूद भिक्षुकों, असहाय एवं बेसहारा लोगों से मुलाकात की।
पुलिस टीम ने जरूरतमंदों से आत्मीयता के साथ उनका हाल-चाल जाना और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। साथ ही शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को इनका लाभ लेने के लिए जागरूक किया।
किसी भी संकट अथवा समस्या की स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जरूरतमंदों को सीपीयू प्रभारी का आधिकारिक मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया।
महराजगंज पुलिस की इस पहल से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सुरक्षा एवं सहयोग का भरोसा मिला। पुलिस के इस मानवीय प्रयास की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।




