रोटरी क्लब ने शिक्षक दिवस पर किया शिक्षकों का भावपूर्ण सम्मान

महराजगंज ।(न्यूज पैच)। रोटरी क्लब महराजगंज के तत्वावधान में शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण, पुष्पांजलि एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान शिक्षा रूपी यज्ञ में अपना जीवन समर्पित करने वाले वंदनीय शिक्षक वीरेंद्र नाथ मिश्र, कृष्ण बिहारी पाठक, नरेन्द्र नाथ सिंह,गुलाब चंद पटेल, शंकर शरण सिंह, नंद किशोर त्रिपाठी, वीरेंद्र पाण्डेय व शिक्षा जगत से दशरथ गुप्ता,सद्दाम हुसैन,पंकज मौर्या इशरत जावेद फारूकी को अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर ससम्मान अभिनंदन किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए अध्यक्ष रो. एड. हमीदुल्लाह खान ने कहा कि शिक्षक कोई सामान्य व्यक्ति नहीं, बल्कि वह दिव्य शिल्पी है जो अपने तप, त्याग और ज्ञान के आलोक से एक शून्य बालक को राष्ट्र का गौरव बना देता है। शिक्षक की गोद में ही राष्ट्र का भविष्य पलता है। शिक्षक दिवस केवल एक तिथि नहीं, बल्कि गुरु-ऋण स्वीकार कर उनके चरणों में कृतज्ञता के पुष्प अर्पित करने का पावन अवसर है।
संस्थापक अध्यक्ष रो. विन्ध्यवासिनी सिंह ने कहा कि रोटरी क्लब महराजगंज वर्षों से शिक्षा, स्वास्थ्य और मानव सेवा को अपना धर्म मानकर कार्य कर रहा है। आज जिन गुरुजनों का अभिनंदन हुआ है, उनका त्याग, निष्ठा और समर्पण हम सभी के लिए प्रेरणा पुंज है। दीपक की भांति स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देने वाले इन गुरुओं का सम्मान वास्तव में ज्ञान का सम्मान है। सचिव रो. आत्माराम गुप्त ने कहा कि अभावों और विषमताओं के बीच भी ज्ञान की ज्योति प्रज्ज्वलित रखने वाले पूज्य शिक्षकों के लिए यह सम्मान बहुत छोटा है।
उनका जीवन दर्शन आने वाली पीढ़ियों का मार्गदर्शन करता रहेगा। रोटरी क्लब ऐसे मनीषियों के सम्मान को अपना परम सौभाग्य मानता है। कार्यक्रम का संचालन सचिव रो. आत्माराम गुप्त व अध्यक्ष रो. पंकज कुमार मौर्य ने किया।
इस दौरान रोटरी क्लब महराजगंज के उपाध्यक्ष डा सलीम खान जी, दीवानी कचहरी बार एसोसिएशन के महामंत्री प्रमोद त्रिपाठी,अजय कुमार अग्रहरी, दुर्गेश कुमार अग्रहरी, डॉ मनोज कुमार मद्धेशिया,रवि गोयनका,महेंद्र प्रताप सिंह, निवर्तमान सचिव विनोद कुमार गुप्ता, क्षेत्रीय सचिव देवेश कुमार पांडे,श्याम बिहारी गुप्त, इशरतजावेद फारुकी, पूर्व कोषाध्यक्ष दशरथ गुप्ता,सद्दाम हुसैन, मोहम्मद सैफुल्लाह, डॉ एस जेड आबेदीन, कोषाध्यक्ष पंकज मौर्य सहित तमाम गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




