मिट्टी खनन में प्रयुक्त एक ट्रैक्टर-लोडर सीज

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय पुलिस ने बीती रात गस्त के दौरान अवैध खनन कर रहे एक ट्रैक्टर एवं लोडर को पकड़ लिया और कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर ट्रैक्टर समेत लोडर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया।
इस दौरान सिन्दुरिया थानाध्यक्ष विशाल कुमार शुक्ला ने बताया कि पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर जनपद में अवैध खनन के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सिन्दुरिया पुलिस द्वारा प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-लोडर वाहन को अवैध रूप से मिट्टी खनन करते हुए पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि उप निरीक्षक मिथलेश कुमार, का. अभिमन्यु खरवार एवं का. आदर्श सिंह की टीम क्षेत्र भ्रमण कर रही थी। भ्रमण के दौरान थाना क्षेत्र के ग्रामसभा परसामीर में एक ट्रैक्टर-लोडर को मिट्टी का अवैध खनन करते हुए पाया गया।
पुलिस टीम द्वारा वाहन चालक से वाहन एवं खनन से संबंधित वैध अभिलेख प्रस्तुत करने हेतु कहा गया, किन्तु वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद उक्त न्यू हॉलैण्ड ट्रैक्टर वाहन संख्या यूपी 56 एक्यू 1924 को मय लोडर के साथ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया। साथ ही पृथक आख्या तैयार कर अग्रिम कार्रवाई हेतु खनन विभाग को रिपोर्ट प्रेषित की गई है।
प्रमोद कुमार मौर्य




