संपूर्ण समाधान दिवस में 32 शिकायतें आईं, पांच का मौके पर निस्तारण
डीएम गौरव सिंह सोगरवाल ने अधिकारियों को दिए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, आईजीआरएस में 75 प्रतिशत से कम संतुष्टि वाले विभागों पर जताई नाराजगी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। तहसील सदर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। कुल 32 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से पांच का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया। शेष प्रकरणों के संबंध में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि फरियादियों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।
आईजीआरएस पर प्राप्त शिकायतों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समाज कल्याण विभाग, जल निगम, विद्युत विभाग और चकबंदी सहित 75 प्रतिशत से कम संतुष्टि वाले विभागों के प्रति कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करते हुए संतुष्टि का प्रतिशत न्यूनतम 75 प्रतिशत तक सुनिश्चित करें।
डीएम ने कहा कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण मुख्यमंत्री और शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने तहसीलदार सदर को धारा 24 और धारा 116 के मामलों में न्यायालय द्वारा जारी आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों को गांवों में सार्वजनिक भवनों की मरम्मत, सड़कों की स्थिति में सुधार और जल निकासी की व्यवस्था जैसे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने परिषदीय विद्यालयों में न्यूनतम आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसके अतिरिक्त फार्मर रजिस्ट्री और डिजिटल क्रॉप सर्वे को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में डीएफओ निरंजन सुर्वे राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, जॉइंट मजिस्ट्रेट शिवम कुमार, तहसीलदार सदर पंकज शाही सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




