पेंशन के लंबित आवेदन जल्द निस्तारित करें, रबी बीज वितरण में तेजी लाने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गुरुवार को सोशल और कृषि सेक्टर की समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धावस्था, निराश्रित महिला और दिव्यांग पेंशन के लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित न रखने को कहा।
छात्रवृत्ति आवेदनों की समीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यालयों द्वारा डाटा अग्रसारित नहीं किए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने विद्यालयों को लंबित डाटा अग्रसारित करने की तैयारियां पूरी रखने और आवेदन की तिथि बढ़ने पर शत-प्रतिशत डाटा भेजने के निर्देश दिए। पंडित दीनदयाल उपाध्याय आश्रम पद्धति विद्यालय, नौतनवा में विद्युत पोल शिफ्टिंग का कार्य एक सप्ताह में पूरा कराने को भी कहा।
कृषि सेक्टर की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने रबी फसलों के बीज मिनी किट प्राथमिकता के आधार पर वितरित करने और व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए। उप कृषि निदेशक संजीव कुमार ने बताया कि जिले में तोरिया के 600, मटर के 150, सरसों के 8,090 और मसूर के 750 पैकेट वितरित किए जाने हैं। इसके अलावा 19 हजार कुंतल गेहूं के बीज का भी वितरण किया जा रहा है।
बैठक में डीएसआर यानी धान की सीधी बुवाई प्रणाली को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया। उप कृषि निदेशक ने बताया कि इस प्रणाली से प्रति हेक्टेयर 95 से 110 कुंतल तक धान की उत्पादकता प्राप्त हो रही है, जबकि रोपाई पद्धति में यह 60 से 65 कुंतल है। जिलाधिकारी ने सीधी बुवाई के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले में उत्पादित होने वाली फसलों की सूची बुवाई क्षेत्रफल और उत्पादकता के विवरण सहित प्रस्तुत करने तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार को प्रोत्साहित करने को कहा।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह, जिला उद्यान अधिकारी संजय रस्तोगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी क्षमानाथ राय और जिला पिछड़ा वर्ग अधिकारी कन्हैया यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




