कांग्रेस ने चलाया ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान, संविधान और मताधिकार की रक्षा का लिया संकल्प
नेहरू नगर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में आयोजित हुई गोष्ठी, कांग्रेस नेताओं ने निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर उठाए सवाल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर ‘संविधान बचाओ सप्ताह’ के अंतर्गत ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ विषय पर गोष्ठी का आयोजन नगर पालिका परिषद महराजगंज के नेहरू नगर वार्ड स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़े पैमाने पर मतदाताओं के नाम काटे जाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि लगभग 13 करोड़ मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, जिनमें 70 प्रतिशत लोग पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक समुदायों से संबंधित हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठा रही है और मताधिकार की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
पूर्व जिलाध्यक्ष झिनकू चौधरी और जिला उपाध्यक्ष डॉ. रामनारायण चौरसिया ने भी गोष्ठी को संबोधित किया। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग उठाते हुए कहा कि कांग्रेस का यह अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं हो जातीं।
गोष्ठी का संचालन जिला कोषाध्यक्ष कपिल देव शुक्ल ने किया। इस दौरान पिपरदेवरा की हरिजन बस्ती में दलित समाज को कांग्रेस से जोड़ने के उद्देश्य से विशेष प्रयास किया गया। पूर्व अध्यक्ष प्रतिनिधि चंद्रजीत भारती ने इस पहल में सक्रिय भूमिका निभाई, जबकि जिला उपाध्यक्ष (संगठन) विनोद सिंह ने अभियान को प्रोत्साहित किया। कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दलित समाज के लोगों ने भाग लिया और पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए भविष्य में सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नूर आलम, रामनारायण प्रसाद, पूर्णमासी यादव, अफजल अब्बासी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष शुभम शुक्ला, सोशल मीडिया विभाग के फिरोज अली, रवि यादव, जमील और अंबरीश शाही सहित अन्य वक्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की और मताधिकार तथा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा पर जोर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत में उपस्थित लोगों ने भगवान बुद्ध और डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ गोष्ठी का शुभारंभ हुआ।
इस अवसर पर विराज, वीर अभिमन्यु, उदय प्रताप सिंह, जमील अहमद, अमिला पांडेय, संदीप तिवारी, श्रीराम प्रसाद यादव, रवि यादव, शाहिद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।




