खटारा स्कूल वाहनों पर कसा शिकंजा, फिटनेस नहीं तो सीज होगा वाहन
यातायात पुलिस की ओर से शुरू किया गया अभियान, चार टीमें प्रत्येक दिन कर रहीं जांच

महराजगंज।(न्यूज पैच)। यातायात पुलिस की ओर से स्कूल वाहनों की जांच शुरू कर दी गई है। इसके लिए चार टीमें लगीं हैं। शहर में अलग अलग रूट पर टीम स्कूल वाहनों की जांच तय समय पर करती है। फिटनेस नहीं होने पर स्कूल वाहन सीज कर दिया जाएगा। स्कूल वाहन के सुरक्षा मानकों से जुड़ी जानकारी स्कूल संचालकों को दी जा चुकी है।
यातायात पुलिस की ओर से विशेष चेकिंग अभियान शुक्रवार सुबह आठ बजे चलाया गया। यह अभियान जनपद के नगर कस्बा क्षेत्र में स्कूल और कॉलेजों के छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया था। यातायात पुलिस टीम की ओर से विभिन्न स्कूलों में संचालित होने वाली बसों की सघन जांच की गई। यातायात प्रभारी निरीक्षक अरूणेंद्र सिंह ने बताया की दस्तावेजों की जांच के अलावा स्कूली बसों का फिटनेस, वैध बीमा और चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की जांच हुई। बसों के भीतर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए अनिवार्य उपकरण जैसे सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त मात्रा में दवाओं से युक्त फर्स्ट एड बॉक्स की उपलब्धता देखी गई। चेकिंग के दौरान यातायात पुलिस द्वारा वाहन चालकों और स्कूल प्रबंधन को सख्त हिदायत दी गई कि सभी स्कूली बसों में अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में लगवाए जाएं।
फर्स्ट एड बॉक्स हमेशा तैयार रखे जाएं
यातायात प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए वाहनों को हमेशा निर्धारित गति सीमा के भीतर ही चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए बसों में अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त फर्स्ट एड बॉक्स हमेशा तैयार रखे जाएं। जांच के दौरान जिन वाहनों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पाई गई अथवा जो वाहन नियम विरुद्ध संचालित होते मिले, उन वाहन चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई। यातायात पुलिस महराजगंज भविष्य में भी छात्र-छात्राओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान जारी रखेगा।




