महराजगंज में सजा तिरंगा महोत्सव, देशभक्ति के रंग में रंगा बालाजी लॉन
वंदे मातरम् की 150वीं जयंती पर सामूहिक गान, उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान; विश्वकर्मा श्रम सम्मान और ओडीओपी लाभार्थियों को मिली टूलकिट

महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत बुधवार को बालाजी लॉन में भव्य तिरंगा महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय और सांसद प्रतिनिधि जगदीश मिश्रा सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
महोत्सव से पहले अतिथियों ने परिसर में विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल और प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर लगाई गई विशेष चित्र प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों में शासन की योजनाओं, उपलब्धियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी लोगों को दी गई।
हर घर तिरंगा बना जनभागीदारी का अभियान
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान अब देशभर में जनभागीदारी का उत्सव बन चुका है। उन्होंने लोगों से अपने घरों पर तिरंगा फहराने और तिरंगा यात्राओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष वंदे मातरम् की 150वीं जयंती भी मनाई जा रही है। सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गान कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने भी हर घर तिरंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए नागरिकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
महोत्सव के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले भूतपूर्व सैनिकों, स्वास्थ्य विभाग, पंचायती राज विभाग, माध्यमिक एवं बेसिक शिक्षा तथा नगर पालिका परिषद के कर्मियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें शॉल, मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
इसके अलावा विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना और ओडीओपी टूलकिट योजना के लाभार्थियों को टूलकिट वितरित की गई।
सामूहिक वंदे मातरम् से गूंजा परिसर
वंदे मातरम् की 150वीं जयंती के अवसर पर महोत्सव में मौजूद लोगों ने एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। इस दौरान पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर नजर आया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रंगोली प्रतियोगिता और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट समेत कई गतिविधियां आयोजित की गईं। छात्र-छात्राओं और कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को भी सम्मानित किया गया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, डीआईओएस प्रदीप कुमार शर्मा, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, डीपीआरओ श्रेया मिश्रा, नगर पालिका परिषद महराजगंज के ईओ आलोक कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
तिरंगे के साथ दिखी राष्ट्रभक्ति की तस्वीर
महोत्सव में सरकारी योजनाओं की जानकारी, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह के साथ राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया। सामूहिक वंदे मातरम् और तिरंगा महोत्सव ने स्वतंत्रता दिवस से पहले महराजगंज में राष्ट्रभक्ति का माहौल और मजबूत कर दिया।




