जिला कारागार का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
बंदियों से संवाद कर जानी समस्याएं, स्वास्थ्य सुविधाओं और जेल मैनुअल के पालन पर दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने बुधवार को जिला कारागार का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने पुरुष एवं महिला बैरक, जेल की रसोई और परिसर का निरीक्षण करते हुए बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बंदियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके निस्तारण के लिए जेल प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने जेलकर्मियों से कहा कि सभी बंदियों को जेल मैनुअल के अनुरूप आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न हो।
बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के निर्देश
डीएम ने बीमार बंदियों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि जरूरतमंद बंदियों को समय पर उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और उनके स्वास्थ्य की नियमित निगरानी की जाए।
महिलाओं और बच्चों के प्रति संवेदनशीलता बरतने पर जोर
जिलाधिकारी ने महिलाओं और बच्चों से जुड़े मामलों में जेल प्रशासन को विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला बंदियों और बच्चों के लिए विशेष कक्षाओं एवं रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन कराया जाए, ताकि उन्हें सकारात्मक वातावरण मिल सके।
निरीक्षण के दौरान बी.के. गौतम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।




