मंगल का दिन हुआ अमंगल, अलग-अलग हादसों में छ: की मौत
निचलौल में बाइक हादसे में चार युवकों की गई जान, घुघली में स्कूली वाहन की चपेट में आया दो वर्षीय मासूम; नौतनवा में अज्ञात शव मिलने से सनसनी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिले में मंगलवार का दिन कई परिवारों के लिए अमंगलकारी साबित हुआ। निचलौल और घुघली थाना क्षेत्रों में हुए अलग-अलग हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि नौतनवा में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। निचलौल में एक ही परिवार के चार युवकों की मौत ने पूरे गांव को झकझोर दिया, वहीं घुघली में दो वर्षीय मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। और पुलिस शव को कब्जे में ले के पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई।
निचलौल-सिंदुरिया मार्ग पर चार युवकों की मौत
दिन का सबसे दर्दनाक हादसा निचलौल थाना क्षेत्र के सिंदुरिया-निचलौल मार्ग पर दमकी गांव के पास हुआ। यहां बाइक हादसे में चार युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान पचमा गांव निवासी सन्नी (22), शिव (18), विवेक (20) और संतोष (19) के रूप में हुई है।
बताया गया कि चारों एक ही परिवार के थे और बर्थडे पार्टी में शामिल होने के लिए निचलौल जा रहे थे। इसी दौरान दमकी गांव के पास हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चारों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र निचलौल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एक साथ चार युवकों की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
घुघली में स्कूली वाहन की चपेट में आया मासूम
दूसरा हादसा घुघली थाना क्षेत्र के ढेकही गांव में हुआ। यहां घर के दरवाजे के पास दादी के साथ खेल रहा दो वर्षीय पुल्लू उर्फ निहाल स्कूली वाहन की चपेट में आ गया।
हादसे के बाद परिजन आनन-फानन में बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि निहाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
नौतनवा में अज्ञात शव मिलने से सनसनी
उधर, नौतनवा थाना क्षेत्र में मॉडर्न स्कूल के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
एक दिन में हादसों ने कई परिवारों को दिया गहरा जख्म
मंगलवार को जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुई घटनाओं ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। निचलौल में चार युवकों और घुघली में एक मासूम समेत कुल पांच मौतों से जिले में मातम का माहौल है। वहीं नौतनवा में मिले अज्ञात शव की पहचान और मौत के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
एक ही दिन में सामने आई इन घटनाओं ने जिले में सड़क और अन्य हादसों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।




